दर्राभांठा में अलेख महिमा शरणम् कुटी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का भव्य समापन।

सरायपाली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दर्राभांठा (नवागढ़)में आयोजित अलेख महिमा शरणम् कुटी प्राण प्रतिष्ठा एवं तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का समापन दिवस अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक माहौल के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व कलेक्टर के. एल. चौहान अपनी धर्मपत्नी उर्मिला चौहान के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ रूपलाल नंद एवं अदीप कुमार भी उपस्थित रहे।

समापन दिवस पर विशेष आकर्षण का केंद्र “कंश दरबार” कार्यक्रम रहा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन उड़ीसा से आए कलाकारों द्वारा किया गया। कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति और जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कंश की भूमिका निभा रहे कलाकार के प्रभावशाली अभिनय ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व कलेक्टर के. एल. चौहान ने कंश की भूमिका निभाने वाले कलाकार की जमकर सराहना की और कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हमारी परंपरा और आस्था को जीवंत बनाए रखती हैं। उन्होंने अलेख महिमा शरणम् की महिमा का वर्णन करते हुए ग्रामवासियों की एकजुटता और आयोजन की भव्यता की भी प्रशंसा की।

अपने संबोधन में चौहान ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। उनके प्रेरणादायक उद्बोधन से उपस्थित ग्रामवासी भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा, जिनकी सहभागिता और समर्पण से यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लिया।

कमल कुमार माखीजा भारत न्यूज TV
Author: कमल कुमार माखीजा भारत न्यूज TV

संवाददाता - कमल कुमार माखीजा

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Live Cricket score

Gold Silver Price