एक्शन मोड में डिप्टी CM दीया कुमारी, हाईवे निर्माण में देरी पर आया गुस्सा; ठेकेदार को तुरंत थमाया नोटिस

बाड़मेर। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को बाड़मेर के रिफाइनरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पचपदरा-बागुंडी खंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी और गुणवत्ता में कमी को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित ठेकेदार, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (SE) और कार्यकारी अभियंता (XEN) को नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश दिए। बता दें, पचपदरा-बागुंडी के इस एनएच 25 के इस खंड की लंबाई 22 किलोमीटर है और इसका निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। जानकारी के अनुसार, यह परियोजना दिसंबर 2024 तक पूरी हो जानी थी, लेकिन अब तक केवल 60 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है। उप मुख्यमंत्री ने जोधपुर से बाड़मेर जाते समय इस मार्ग का दौरा किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को खामियों के लिए फटकार लगाई।












