जिला पुलिस महासमुंद द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर अपराधों और ठगी पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बसना पुलिस द्वारा ग्रामीणों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी में इस्तेमाल करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के फरार चल रहे एक अन्य मुख्य आरोपी को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।
घटना का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 20/08/2026 को प्रार्थी राजकुमार ताण्डी निवासी ग्राम मनकी ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और तिमोथी छतरिया ने अपने स्थानीय साथी हेमलाल चौहान के माध्यम से प्रार्थी और अन्य ग्रामीणों को बैंक खाता खुलवाने पर 1,500 से 20,000 रुपये तक कमीशन दिलाने का लालच दिया था। प्रार्थी और उसके साथियों के ग्रामीण एवं जिला सहकारी बैंक में खाते खुलवाने के बाद आरोपियों ने कंपनी में वेरीफाई कराने के बहाने उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, एमएस क्यूआर कोड और सिम कार्ड ले लिए और साइबर अपराधियों को दे दिए। प्रार्थी की शिकायत पर थाना बसना में अपराध क्र. 452/2026 धारा 318(4), 319(2), 3(5) धारा 317(4) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस द्वारा लगातार मामले की तफ्तीश जारी रखते हुए, पूर्व में पकड़े गए 04 आरोपियों (सुनील दुर्गा, तिमोथी छतरिया, हेमलाल चौहान और आंध्र प्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा) से पूछताछ में यह खुलासा हुआ था कि वे आंध्र प्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा और पुलोजू चंद्रा राव के कहने पर बैंक खाते खुलवाकर उनके पासबुक, एटीएम कार्ड व सिम कार्ड विशाखापट्टनम में पुलोजू चंद्रा राव के साले के माध्यम से सुपुर्द करते थे, जिनका उपयोग वे लोग साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग में पैसों के भारी लेन-देन के लिए करते थे, जिसके एवज में उन्हें कमीशन मिलता था। पूर्व में गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश कर फरार आरोपी पुलोजू चंद्रा राव एव अन्य संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 193(9) बीएनएसएस के तहत विवेचना जारी रखी गई थी।
इसी क्रम में थाना बसना की विशेष पुलिस टीम ने आंध्रप्रदेश के पोलावरम जिले के थाना अड्डाटीगाला क्षेत्र में दबिश दी। दिनांक 18-11-2026 को पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर फरार मुख्य आरोपी पुलोजू चंद्रा राव को ग्राम एम. रावीलंका, आंध्रप्रदेश से पकड़ा गया जिसे विधिवत गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर थाना बसना लाया गया है। गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ एवं संलिप्त अन्य व्यक्तियों की जानकारी और पूरे रैकेट पर प्रभावी कार्यवाही हेतु माननीय न्यायालय बसना (छत्तीसगढ़) से पुलिस रिमाण्ड लिया जा रहा है।
*गिरफ्तार आरोपी-*
01- पुलोजू चंद्रा राव पिता पुलोजू सत्यनारायणा, उम्र 39 वर्ष, साकिन मकान नं. 1-47, एम. रावीलंका, देवीपटनम मण्डल, इन्दुकुरू, थाना अड्डाटीगाला, जिला पोलावरम, आंध्रप्रदेश।
*पूर्व में गिरफ्तार 04 आरोपी-*
01- सुनील दुर्गा,
02- तिमोथी छतरिया,
03- हेमलाल चौहान (तीनो गिर.दिनांक 20-08-2026)
04- बी. लक्ष्मणा डोरा पिता बप्पी राजू, उम्र 30 वर्ष, साकिन 1-54, बोडीगुडेम, पोलावरम मंडलम, पोलावरम, जिला पश्चिम गोदावरी, आंध्र प्रदेश। (गिर. दिनांक 02-10-2026)
Author: भारत न्यूज TV
संवाददाता - कमल कुमार माखीजा











