Jodhpur : इको फ्रेंडली बसों से बदलेगी जोधपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था

इको फ्रेंडली बसों से बदलेगी जोधपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था

जोधपुर, 17 अगस्त। जोधपुर शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। नगर निगम की ओर से मंगलवार से पांच इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार शाम 4 बजे पीएम ई-बस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि आमजन को सस्ती, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम ई-लो फ्लोर बस सेवा शुरू की जा रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रारंभिक चरण में पांच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बनाड़ से जैसलमेर बाईपास रूट पर किया जाएगा। आगामी दो से तीन महीनों में जोधपुर को करीब 100 से 125 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें मिलने की संभावना है। इसके बाद शहर के अलग-अलग मार्गों पर इन बसों का संचालन किया जाएगा।

30 सीट और 180 किलोमीटर तक की दूरी

आयुक्त के अनुसार करीब 9 मीटर लंबी इन बसों में 30 सीटें हैं। एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद बस करीब 160 से 180 किलोमीटर तक चल सकेगी। बसों के चार्जिंग के लिए झालामंड में चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है।

दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं महिलाओं के लिए चार पिंक सीट आरक्षित रहेंगी। बस सेवा का न्यूनतम किराया 15 रुपये निर्धारित किया गया है।

बनाड़ से जैसलमेर बाईपास तक चलेगी बस

प्रारंभिक रूट में बसें बनाड़ से रवाना होकर राईकाबाग बस स्टैंड, सर्किट हाउस, भाटी सर्कल, पांच बत्ती चौराहा, जेडीए चौराहा, रेलवे स्टेशन, रोटरी चौराहा, एमडीएम हॉस्पिटल, जलजोग सर्कल, बॉम्बे मोटर चौराहा, आखलिया चौराहा, पहला पुलिया, दूसरा पुलिया और चौपासनी रोड होते हुए जैसलमेर बाईपास तक जाएंगी।

अधिकारियों के मुताबिक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही शहरवासियों को किफायती, आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

Bharatnewstv_1
Author: Bharatnewstv_1

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Live Cricket score

Gold Silver Price