**चीनौर में राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया का भव्य स्वागत**
चीनौर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया के अपने गृह ग्राम चीनौर आगमन पर शुक्रवार को भव्य स्वागत किया गया। गाँव पहुँचते ही उन्होंने भूमि को माथे से लगाकर अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया और कहा कि जन्मभूमि का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता।
अपने आगमन के दौरान श्री पवैया ने भितरवार अंचल के सैकड़ों नागरिकों का पैदल चलकर अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत कृषक पहुँच मार्ग का विधिवत भूमिपूजन भी किया, जिससे क्षेत्र के किसानों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद वे बलारी माता प्रांगण में आयोजित प्राचीन वार्षिक मेले के समापन समारोह में शामिल हुए। यहाँ उन्होंने पंचमहल केसरी दंगल में आयोजित रोमांचक कुश्तियों का अवलोकन किया और विजेता पहलवानों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने की। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिनमें सूर्यभान सिंह, विनोद बघेल, राकेश शिवहरे, कुलवंत बाजवा, सीमा संजय खटीक (सरपंच चीनौर) सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे।












