*मध्य प्रदेश लीग: भोपाल लेपर्ड्स, चंबल घड़ियाल्स और रीवा जैगुआर्स ने उद्घाटन से पहले की कप्तानों की घोषणा*
ग्वालियर (मध्य प्रदेश), 4 जून, 22: ग्वालियर के शंकरपुर
स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में 12 जून से शुरू हो रही मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) को लेकर जैसे-जैसे उत्साह चरम पर पहुंच रहा है, वैसे-वैसे सभी टीमें भी अपनी कमर कसती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में भोपाल लेपर्ड्स, चंबल घड़ियाल्स और रीवा जैगुआर्स ने आगामी सीज़न के लिए अपने-अपने कप्तानों की घोषणा कर दी है।
भोपाल लेपर्ड्स ने 2022 की आईपीएल मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियन द्वारा चुने गए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ अर्शद खान को अपना कप्तान नियुक्त किया है। 2023 में उन्होंने छह मैचों में पांच विकेट लेकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया था, जिसके बाद 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें खरीदा। जिसके बाद 2025 में गुजरात टाइटन्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया, जहां उन्होंने एक प्रमुख गेंदबाज़ के रूप में महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे सीजन में कुल 9 मैचों में 6 विकेट लिए। घरेलू क्रिकेट में, अर्शद ने 2024 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ 5 रन पर 3 विकेट लेकर खुद को साबित कर दिया था।भोपाल लेपर्ड्स के मालिक एचएमजी सेंटर से श्री अभिषेक गुप्ता ने कहा कि, “पिछले सीज़न में हम उपविजेता रहे थे। इस बार अर्शद खान के नेतृत्व और संतुलित टीम के साथ हम ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टीम अब परिपक्व हो गई है, और हमें विश्वास है कि यह सीज़न हमारा होगा, जिसमें हम अधूरा काम पूरा करेंगे।”
वहीं चंबल घड़ियाल्स की कमान मध्य प्रदेश की घरेलू क्रिकेट टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी शुभम शर्मा को सौंपी गई है। शुभम ने 2021–22 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी20 डेब्यू किया था और तब से वह एक संयमित कप्तान के रूप में उभरे हैं। हाल ही में समाप्त हुए रणजी ट्रॉफी सीज़न में उन्होंने मध्य प्रदेश की टीम की अगुवाई करते हुए 700 से अधिक रन बनाए, जिसमें जनवरी 2025 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ एक दोहरा शतक भी शामिल था।
चंबल घड़ियाल के मालिक करन डेवलपमेंट सर्विसेज के निदेशक श्री दिव्यराज किरार ने कहा कि, “हम जानते हैं कि कड़ी मेहनत कैसे करनी है और जमीन से जुड़े रहना क्या होता है। रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले शुभम शर्मा के नेतृत्व में हम अनुभव और जीत की भूख दोनों लेकर आए हैं। घड़ियाल्स पूरी तरह से तैयार हैं चौंकाने और प्रेरित करने के लिए।”
रीवा जैगुआर्स ने 2019–20 रणजी ट्रॉफी में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज़ हिमांशु मंतरी को अपना कप्तान बनाया है। लगातार अच्छा प्रदर्शन करते चले आ रहे हिमांशु ने पिछले सीजन में पंजाब के खिलाफ मध्य प्रदेश को ड्रॉ दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके संयमित प्रदर्शन ने उन्हें पिछले साल दलीप ट्रॉफी में इंडिया बी टीम में स्थान दिलाया।
रीवा जैगुआर्स के मालिक स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स के सीईओ श्री आलोक बिड़ला ने कहा कि, “पिछला सीजन हमारे लिए निराशाजनक रहा, हमने केवल एक ही मैच जीता, लेकिन इस बार हम नई ऊर्जा और खास तैयारियों के साथ आए हैं। रीवा जैगुआर्स इस बार मजबूती से वापसी करने और यह साबित करने के लिए तैयार हैं कि हम एमपीएल की टॉप टीयर टीमों में शामिल होने की क्षमता रखते हैं।”
वहीं फैंस की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एमपीएल ने पिछले सप्ताह अपना एक्सक्लूसिव मोबाइल गेमिंग ऐप ‘एमपीएल क्रिकेट क्लैश’ भी लॉन्च किया है। यह एक फ्री-टू-प्ले गेम है, जिसमें उपयोगकर्ता पूरे एमपीएल रोस्टर से टीमें चुन सकते हैं और वर्चुअल रूप से लीग का रोमांच अनुभव कर सकते हैं। इसके अलावा इस सीजन में महिला क्रिकेट लीग की भी शुरुआत की जा रही है, जो पुरुष मैचों के साथ ही आयोजित की जाएगी। इस महिला प्रतियोगिता में तीन टीमें शामिल होंगी, जिनमें एक टीम राजधानी भोपाल का प्रतिनिधित्व करेगी।
पुरुष टीमें:
ग्वालियर चीता, भोपाल लेपर्ड्स, जबलपुर रॉयल लायंस, रीवा जैगुआर्स, इंदौर पिंक पैंथर्स, चंबल घड़ियाल्स, बुंदेलखंड बुल्स
महिला टीमें:
चंबल घड़ियाल्स, भोपाल वोल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स












