*इंटरकॉन्टिनेटल लीजेंड चैंपियनशिप: एशियन किंग्स ने ट्रांस टाइटंस को हराकर दर्ज की लीग में पहली जीत*
ग्रेटर नोएडा (उत्तरप्रदेश) 3 जून: ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे इंटरकॉन्टिनेटल लीजेंड चैंपियनशिप अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ चुका है। इसी क्रम के आज मंगलवार को हुए दिन के पहले मुकाबले में एशियन किंग्स ने ट्रांस टाइटंस को 7 विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ट्रांस टाइटंस ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 183 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने उतरे न्यूजीलैंड के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज जेसी राइडर ने 45 गेंदों में 3 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 81 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि उनका साथ निभाने उतरे हिमांग महज 15 रन ही बना सके। उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे आसिफ मंसूरी (31) और प्रशांत गुज्जर ने 22 गेंदों में 41 रनों की पारी खेलकर टीम को 183 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अब तक लीग में एक जीत न हासिल करने वाली एशियन किंग्स के सलामी बल्लेबाजों इम्तियाज अहमद (25) और तिलकरत्ने दिलशान (26) ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अंकित नरवाल ने 45 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाकर मैच को एशियन किंग्स के पाले में कर लिया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 4 छक्के लगाए। उनका साथ निभाया परवेज अजीज ने। उन्होंने 20 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली। अंकित नरवाल को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार ने नवाजा गया।
मैच की समाप्ति के बाद लीग के बारे में बोलते हुए आयोजक एमवीपी क्वेस्ट के डायरेक्टर गौरव कमल ने कहा कि, “अब लीग अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है, जिस तरह से लोगों ने इसको लेकर अपना प्यार दिखाया है, वो सच में देखने लायक है। सभी टीमें अपना शत प्रतिशत दे रही हैं, देखते हैं कौन सी टीम इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड लीग के पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर पाएगी। सभी को मेरी तरफ से बहुत बहुत शुभकामनाएं।”
चर्चा को आगे बढ़ाते हुए लीग का संचालन कर रही 100 स्पोर्ट्स के संस्थापक रवीन्द्र भाटी ने कहा कि, “पहले दिन से ही दर्शकों ने इस लीग को बहुत प्यार दिया है। हालांकि बीच में 2 मैच बारिश की भेट जरूर चढ़े, लेकिन प्रशंसकों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। पहले सीजन के सफल आयोजन के लिए मै सभी टीमों और आयोजकों को बहुत बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं।”










