आईपीएल 2025 फाइनल से पहले अपनी पूर्व फ्रेंचाइज़ी के समर्थन में उतरे इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप के खिलाड़ी
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश), 2 जून 2025: एमवीक्वेस्ट द्वारा आयोजित और 100 स्पोर्ट्स द्वारा संचालित ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप (आईएलसी) में जहां एक ओर हाई-वोल्टेज मुकाबले जारी हैं, वहीं दूसरी ओर आईपीएल 2025 के फाइनल का उत्साह भी खिलाड़ियों के बीच साफ़ देखा जा सकता है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के बीच इस बहुप्रतीक्षित खिताबी भिड़ंत से पहले आईएलसी में खेल रहे वे खिलाड़ी जो कभी इन आईपीएल फ्रेंचाइज़ियों का हिस्सा रहे हैं, अपनी पूर्व टीमों के समर्थन में उतर आए हैं।
फिलहाल आईएलसी में अपनी-अपनी टीमों के लिए पसीना बहा रहे इन पूर्व आईपीएल खिलाड़ियों ने अपनी पुरानी टीमों के लिए भावनाएं साझा कीं।
2015 से 2016 तक आरसीबी टीम का हिस्सा रहे इक़बाल अब्दुल्ला ने दर्शकों से कहा कि, “जिस तरह से आपने 18 साल जी जान से आरसीबी का सपोर्ट किया है, वह सफल होने की कगार पर है। मैं यहां आईएलसी से आईपीएल की हर गेंद पर नजर रखूंगा और पूरी दिल से उन्हें चीयर करूंगा, अंत में बस इतना ही कहूंगा “ई साला कप नम दे”
2017 से 2018 तक आरसीबी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे पवन नेगी ने कहा कि, “आरसीबी के साथ बिताए पलों को कभी नहीं भूल सकता। टीम की एनर्जी और उनके प्रति फैंस का उत्साह बेमिसाल है। उन्हें फाइनल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं”
वहीं पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ियों ने भी अपनी टीम को 11 साल बाद फाइनल में पहुंचने पर ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
2012 से 2015 तक किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा रहे परविंदर अवाना ने कहा, “पंजाब किंग्स हमेशा मेरे दिल के करीब रही है। उनके साथ बिताए हर पल को मैंने जिया है और उन्हें फाइनल में देखकर बहुत खुशी हो रही है। 2014 फाइनल में आखिरी ओवर फेंकने की याद आज भी ताज़ा है। पंजाब किंग्स को फाइनल के लिए शुभकामनाएं”
2014 से 2017 तक पंजाब टीम का हिस्सा रहे अनुरीत सिंह ने कहा कि, “पंजाब किंग्स के लिए खेलना मेरे लिए गर्व की बात थी। अब उन्हें फाइनल में देखकर दिल को सुकून मिलता है। फिलहाल मैं आईएलसी में खेल रहा हूं, लेकिन दिल से हमेशा पंजाब किंग्स के साथ हूं”
2010 से 2013 तक पंजाब टीम का हिस्सा रहे बिपुल शर्मा ने कहा कि, “टीम के साथ जुड़ी कई यादें हैं और यह देखकर बेहद रोमांचित हूं कि वे फाइनल में पहुंच चुके हैं। श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा है। चलो किंग्स इस बार कप को अपना बनाते हैं।”
वहीं 2014 से 2016 फिर 2022 से 2024 तक पंजाब में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ऋषि धवन ने कहा कि, “पंजाब किंग्स मेरे क्रिकेट करियर का अहम हिस्सा रही है। मैंने उनके साथ कई सीज़न खेले हैं और उतार-चढ़ाव देखे हैं। अब उन्हें 2025 में ट्रॉफी के लिए लड़ते देखना अद्भुत है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस बात पंजाब अपना ट्रॉफी का सपना जरूर साकार कर पाएगा।”
जहां एक ओर आरसीबी और पंजाब किंग्स आईपीएल फाइनल की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर आईएलसी भी निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है, जो क्रिकेट फैंस के लिए डबल डोज़ एक्शन और इमोशन की गारंटी है।
इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप आईएलसी में छह महाद्वीपों की छह टीमें शामिल हैं।लीग स्टेज का समापन 3 जून को होगा, जिसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले 4 जून को दोपहर 3:30 बजे और रात 7:30 बजे से खेले जाएंगे। वहीं ग्रैंड फिनाले 5 जून को रात 7:30 बजे से होगा।










