Raipur : सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ₹11 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन

*सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ₹11 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन*

– सड़क, पुल व सीसी सड़क–नाली निर्माण से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
– सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं विधायक चातुरी नंद के अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ भूमिपूजन कार्यक्रम

सरायपाली, महासमुंद। 20 नवंबर 2025 : सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ₹11 करोड़ से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

इन कार्यों में प्रमुख सड़कों, पुल निर्माण के साथ-साथ गांवों में सीसी सड़क सह नाली निर्माण शामिल है, जिससे आवागमन, स्वच्छता और जनसुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।

ग्राम कस्तूराबहाल में आयोजित कार्यक्रम में भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बांजीबहाल–कस्तूराबहाल मार्ग निर्माण हेतु ₹5 करोड़ 37 लाख, मानपाली–पुटका मार्ग के लिए ₹2.04 करोड़ एवं भूतिया–कल्लूढूडा मार्ग के लिए ₹1 करोड़ 14 लाख 19 हजार सहित अन्य सड़क एवं पुल पुलिया हेतु 1 करोड़ 43 लाख की स्वीकृति शामिल है।

इन सड़कों और पुलों के बनने से ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और किसानों, व्यापारियों व आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही ग्राम बिरकोनी में आयोजित कार्यक्रम में सांसद की आतिथ्य एवं विधायक चातुरी नंद की विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण बस्तियों में सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत स्वीकृत कार्यों में प्रमुख रूप से सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चारभांठा में मंच से मुख्य मार्ग की ओर ₹38.82 लाख तथा स्कूल से महादेव घर की ओर ₹15.99 लाख, ग्राम जोगनीपाली में पीएमजीएसवाय रोड से रविदास के घर तक (बस्ती वार्ड क्रमांक 6) ₹15.91 लाख, ग्राम भुथिया में कांजी हाउस से जागेश्वर प्रधान के घर की ओर ₹16.48 लाख तथा ग्राम गोहेरापाली में हॉस्पिटल से टिकेश लाल के घर तक ₹16.05 लाख की लागत से सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों पर कुल ₹1 करोड़ 03 लाख 25 हजार खर्च किए जाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने कहा “सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मजबूत सड़क, सुरक्षित पुल और सुव्यवस्थित नाली व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, जलभराव और गंदगी जैसी समस्याएं बनी हुई थीं। इन विकास कार्यों के शुरू होने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि गांवों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। हमारी लगातार कोशिश रही है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सरायपाली विधानसभा विकास के मामले में प्रदेश में एक मजबूत पहचान बनाए।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और विकास कार्यों की शुरुआत को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

विदित हो कि कस्तूराबहाल से बाजीबहाल सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव का बहिष्कार कर दिया था जिसके बाद विधायक चातुरी नंद ने मामले को विधानसभा में उठाया था। मामला विधानसभा में उठने के बाद लोक निर्माण विभाग की नींद खुली और हरकत में आया फिर जल्द ही प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। इसके साथ ही लगातार विभागीय मंत्री और लोक निर्माण विभाग के सचिव से पत्राचार और भेंट कर लंबित सड़कों की स्वीकृति दिलाने की मांग लगातार की जा रही थी।

Bharatnewstv_1
Author: Bharatnewstv_1

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Live Cricket score

Gold Silver Price