Gautam Buddha Nagar. : डीएम वार रूम गौतम बुद्ध नगर से। शुद्ध खाद्य पदार्थ एवं औषधि उपलब्ध कराने हेतु अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

*डीएम वार रूम गौतम बुद्ध नगर से।*

*शुद्ध खाद्य पदार्थ एवं औषधि उपलब्ध कराने हेतु अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न*

*नवरात्रि एवं आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की, की जाए सेंपलिंग : एडीएम प्रशासन*

*गौतम बुद्ध नगर, 27 सितंबर 2025*

जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपदवासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी ने विगत दिनों में खाद्य सुरक्षा को लेकर की गई प्रवर्तन कार्यवाहियों की जानकारी प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खाद्य एवं पेय पदार्थों की सैंपलिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर मिलावटखोरी न हो और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। यह भी कहा गया कि यदि किसी संग्रहित नमूने में प्रयोगशाला से मिलावट सिद्ध होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियम अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए और जुर्माना भी लगाया जाए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित स्कूलों, कॉलेजों एवं हॉस्टलों की कैंटीनों का स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री परोसी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के दौरान होटलों एवं रेस्टोरेंटों का विशेष निरीक्षण किया जाए और सब्जियों में प्रयुक्त ग्रेवी की जांच अनिवार्य रूप से की जाए।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अधिकारियों को यह भी कहा गया कि फूड फोर्टिफिकेशन, रीयूज्ड कुकिंग ऑयल एवं शुद्ध खाद्य व पेय पदार्थों के विषय में एडवाइजरी तैयार कर सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। इसके साथ ही जनपद के सभी स्कूलों एवं सरकारी कार्यालय परिसरों को ईट राइट स्कूल एवं ईट राइट कैंपस में बदलने की दिशा में कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में औषधि निरीक्षक ने मानकों के अनुरूप दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी द्वारा कहा गया कि जनपद में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण कर अधिक से अधिक मेडिकल स्टोर्स की जांच की जाए और यह सुनिश्चित करें कि बिना लाइसेंस के कोई भी मेडिकल स्टोर्स संचालित न हो।
इस अवसर पर एडीसीपी हेडक्वार्टर आरके गौतम, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतम बुद्ध नगर।

Bharatnewstv_1
Author: Bharatnewstv_1

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Live Cricket score

Gold Silver Price