विदर्भ प्रो टी20 लीग: नेको मास्टर ब्लास्टर की दूसरी जीत, आर संजय ने खोला पंजा
नागपुर (महाराष्ट्र), 8 जून 2025: नागपुर के जामठा स्थित वीसीए स्टेडियम में चल रही विदर्भ प्रो टी20 लीग में आज नेको मास्टर ब्लास्टर ने नागपुर हीरोज को 14 रनों से हराकर दूसरी जीत दर्ज की। एक तरफ जहां आर संजय ने गेंदबाज़ी में 5 विकेट झटके तो वहीं आर्यन मेश्राम और अध्ययन डागा ने भी अर्धशतक जमाए।अब टीम मंगलवार को ऑरेंज टाइगर्स और बुधवार को पगड़िया स्ट्राइकर्स से भिड़ेगी।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नेको मास्टर ब्लास्टर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनिंग करते हुए आर्यन मेश्राम ने 48 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 64 रनों की संतुलित पारी खेली, तो वहीं उनके जोड़ीदार अध्ययन डागा ने 33 गेंदों में आक्रामक 58 रन बनाते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी। मिडिल ऑर्डर से आर संजय (20 रन, 16 गेंद), कप्तान जितेश शर्मा (16 रन, 9 गेंद), और अध्ययन रौथान (9 रन, 6 गेंद) बनाकर रनगति को बनाए रखा। अंत में कार्तिक राठौड़ ने महज 4 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर जोरदार समाप्ति की। हालांकि अंतिम ओवरों में कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन टीम 6 विकेट के नुकसान पर 199 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागपुर हीरोज ने भरपूर प्रयास किया, लेकिन वे 15 रन से पीछे रह गए और 9 विकेट के नुकसान पर 185 रन ही बना सके। सिद्धेश वाथ ने तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 35 गेंदों में 51 रनों की उम्दा पारी खेली। उन्हें पार्थ रेखाड़े (23 गेंदों में 39 रन) का अच्छा साथ मिला, जिससे बीच के ओवरों में मैच रोमांचक बना रहा।
नेको मास्टर ब्लास्टर के लिए आर संजय सबसे प्रभावशाली गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने समय-समय पर 5 अहम विकेट लेकर नागपुर हीरोज की पारी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। हालांकि निचले क्रम ने संघर्ष किया, लेकिन अधिक रन रेट होने के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दर्शक विदर्भ प्रो टी20 लीग का सीधा प्रसारण जियो सिनेमा, फैन कोड और वेव्स पर देख सकते हैं।इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी इसका प्रसारण किया जा रहा है।
टीम
जितेश शर्मा (कप्तान, विकेटकीपर), आर संजय (उपकप्तान), आर्यन मेश्राम, अध्ययन डागा, अध्ययन रौथान, आकाश कोम्बे, वेदांत दिघाड़े (विकेटकीपर), गौरव धोबले, अंकुश तम्मीवार, आदित्य खिलोटे, आर्य दुर्गकर, प्रतम माहेश्वरी, प्रफुल्ल हिंगे, अनन्य जायसवाल, सार्थक धबडगांवकर, संमेश देशमुख










